दवा लेने बाजार गई महिला नहीं लौटी घर
-पिता ने विवाहिता पुत्री की गुमशुदगी कराई दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। घर से बाजार दवा लाने की बात कह कर निकली महिला वापस नहीं लौटी। परिजन ने काफी तलाश की लेकिन कहीं पता नहीं लग सका। पिता ने बेवर थाने में विवाहित पुत्री की गुमशुदगी दर्ज कराई है।
थाना बेवर क्षेत्र के रहने वाले एक व्यक्ति ने थाने में तहरीर दी। पुलिस को बताया कि उनकी 21 वर्षीय विवाहित पुत्री 3 फरवरी की सुबह घर से बाजार दवा लेकर आने की बात कह कर निकली थी। लेकिन शाम होने तक जब वह घर नहीं लौटी तो सभी को चिंता हुई। पुत्री की तलाश शुरू की लेकिन कहीं कोई जानकारी नहीं मिल सकी। ससुरालीजन से संपर्क किया तो उन्होंने भी पुत्री के आने को लेकर इंकार किया। जब काफी खोजबीन के बाद भी महिला के बारे में कोई जानकारी नहीं हुई तो अनहोनी की आशंका से भयभीत पिता ने थाने पहुंच कर तहरीर दी। पुलिस ने महिला की गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।