कुरावली। करीब चार माह पूर्व बिछवां क्षेत्र की रहने वाली महिला टप्पेबाज की बातों में आकर ठगी का शिकार हो गई थी। बृहस्पतिवार को महिला ने कस्बा में घूम रहे ठग को पहचान लिया और लोगों की मदद से पकड़ने के बाद पुलिस को सौंप दिया।
थाना बिछवां क्षेत्र के गांव लहरा निवासी भूदेवी 17 अप्रैल को जैथरा जा रहीं थीं। घिरोर तिराहा के पास उन्हें एक ठग मिला और उसने महिला को छह लाख रुपये कीमत के सोने का पत्थर देने का लालच दिया। टप्पेबाज की बातों में आकर महिला ने उसे कुंडल, पायल व 500 रुपये दे दिए थे। इसके बाद ठग चकमा देकर गायब हो गया था। बृहस्पतिवार को महिला की नजर उस ठग पर पड़ी। पूछताछ में ठग ने अपना नाम अमित उर्फ छदामी निवासी निधौली कलां बताया है। पुलिस उस से पूछताछ कर रही है।