कासगंज। गंगा के जलस्तर में लगातार उतार चढ़ाव जारी है। शनिवार को गंगा के जलस्तर में 4 सेंटीमीटर की वृद्धि हुई। यह वृद्धि पिछले 24 घंटे में दर्ज की गई है। गंगा के जलस्तर से तटवर्ती इलाके में कोई खतरा नहीं है, लेकिन गंगा स्नान को पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के लिए गंगा का बढ़ा हुआ जलस्तर परेशानी का कारण बन रहा है। रविवार को गंगा के जलस्तर में आंशिक कमी के आसार हैं। बैराजों से पानी के प्रवाह में आंशिक कमी आई है। हरिद्वार के भीमगौड़ा बैराज से प्रवाह में करीब 12 हजार क्यूसेक पानी की कमी आई है। जबकि बिजनौर बैराज से 11 हजार क्यूसेक पानी कम हुआ है। नरौरा बैराज से केवल 3 हजार क्यूसेक पानी का प्रवाह कम हुआ है। शुक्रवार को नरौरा के बढ़े हुए प्रवाह के कारण शनिवार को जलस्तर में 4 सेंटीमीटर की वृद्धि हुई। गंगा के तटीय इलाके के ग्रामीण लगातार जलस्तर की निगरानी में जुटे हैं। अधिशासी अभियंता, सिंचाई शेर सिंह ने बताया कि विभाग भी गंगा के जलस्तर की निगरानी के साथ ही बांधों की निगरानी कर रहा है। सिंचाई विभाग की नजर कटानरोधी व बाढ़रोधी कार्याें पर भी है, जिससे गंगा के बढ़े हुए जलस्तर से सुरक्षात्मक कार्य प्रभावित न हों। उढ़ेर बांध से अभी गंगा का पानी करीब सौ मीटर पीछे रह गया है। वहीं खादर का पूरा इलाका जलमग्न है।