खुद को सीबीआई का अधिकारी बताने वाले सतीश कुमार ने भगवती देवी के साथ ठगी की। उनके पड़ोसी और रिश्तेदारों को भी नहीं छोड़ा। अधिकारी जैसा रुआब रखने वाले शातिर का शिकार एटा का रहने वाला एक युवक भी बन गया। वहीं एक व्यक्ति को तो अपना खेत गिरवीं रखना पड़ा।
औरेया का पता और खुद को सीबीआई का सीएमडी बताने वाला सतीश कुमार अधिकारी जैसा ही रुआब रखता था। वह भले ही भगवती देवी के घर में किराए पर रह रहा था। लेकिन उसके रहन सहन को देख कर कोई भी धोखा खा सकता था। उसने मकान मालिक भगवती देवी को तो ठगा ही। पड़ोसी और रिश्तेदारों को भी नही बख्शा। उसने पड़ोस के रहने वाले रामगोपाल की पत्नी को बैंक में क्लर्क की नौकरी दिलाने की बात कह कर जाल में फंसाया। उनसे तीन लाख रुपये की अच्छी खासी धनराशि ले ली।
सतीश भगवती देवी के नाती के जन्मदिन कार्यक्रम में दन्नाहार क्षेत्र के गांव कीरतपुर गया। वहां पर सतीश चंद्र को भी अपनी बातों में ले लिया। बेटी की शादी से पहले नौकरी लगवाने के नाम पर दो लाख रुपया ले लिए गए। यह रकम सतीश चंद्र ने अपना खेत गिरवीं रख कर जुटाई थी। इस दौरान एटा के रिजोर निवासी जितेंद्र कुमार को एटा में एक सरकारी कार्यालय में चतुर्थ श्रेणी की नौकरी दिलाने का झांसा दिया। उस से 1.90 लाख रुपया ले लिए। लाखों रुपया की ठगी करने के बाद शातिर अब गायब हो चुका है।
-
राज खुलने से पहले भाग गया शातिर
भगवती देवी ने बताया खुद को सीबीआई का अधिकारी बताने वाले सतीश कुमार ने कई लोगों से नौकरी लगवाने के नाम पर रुपये लिए थे। इसकी भनक जब उनको लगी तो उन्हें संदेह होने लगा। शायद उसे राज खुलने का डर सताने लगा था। तभी रातों रात शातिर गायब हो गया।