डा. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय की मुख्य परीक्षाएं एक बार फिर से स्थगित कर दी गईं। 11 मार्च को तीन पालियों में बीकॉम वोकेशनल की परीक्षा होनी थी। कुलपति मुंबई में हैं, उनके लौटने के बाद परीक्षा की अगली तिथि घोषित की जाएगी।
गुरुवार शाम शिक्षणेत्तर कर्मचारियों ने विश्वविद्यालय के खंदारी कैंपस स्थित गेस्ट हाउस में परीक्षा न कराए जाने की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि परीक्षा शुल्क जमा कराए बिना प्रवेश पत्र जारी कर दिए गए हैं, फीस के चक्कर में ही विश्वविद्यालय के कर्मचारी सत्येंद्र सिंह की हत्या हुई है। कुछ छात्रों ने भी बिना तैयारी के मुख्य परीक्षा कराने का विरोध किया। इसके बाद परीक्षा नियंत्रक ने कुलपति से फोन पर वार्ता करने के बाद परीक्षा स्थगित करने की घोषणा की।
शिक्षणेत्तर कर्मचारी संघ के अध्यक्ष अखिलेश चौधरी का कहना है कि 6.54 लाख छात्र-छात्राओं में से 3.13 लाख की फीस जमा हुई है। फीस प्रकरण में ही कर्मचारी सत्येंद्र सिंह की हत्या हुई। इसके बाद भी विश्वविद्यालय प्रशासन फीस भरने के लिए सख्ती नहीं कर रहा। प्रदर्शन करने वालों में अरविंद गुप्ता, अनिल श्रीवास्तव, आनंद टाइटलर आदि शामिल रहे।
‘विद्यार्थियों की बकाया फीस के संबंध में कर्मचारियों ने विरोध प्रदर्शन किया। इसके चलते परीक्षा स्थगित की गई है। नई तिथि जल्द घोषित कर दी जाएगी।’
- केएन सिंह, परीक्षा नियंत्रक
परीक्षा की तैयारी नहीं थी पूरी
परीक्षा स्थगित किए जाने के पीछे शुल्क जमा न होना एक कारण जरूर है, पर हकीकत यह भी है कि विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से परीक्षा की पूरी तैयारी भी नहीं थी। लाखों परीक्षार्थियों को प्रवेश पत्र तक नहीं उपलब्ध कराए गए थे। बुधवार तक की स्थिति यह थी कि करीब साढ़े चार सौ कालेजों की लॉग-इन आईडी में प्रवेश पत्र अपलोड नहीं किए गए थे। सचल दल तक का गठन नहीं किया गया था।