सोरोंजी। तीर्थंनगरी के मोहल्ला कटरा मठ में बुधवार की शाम कटी पतंग पकड़ने के चक्कर में एक छात्र की जान चली गई। पतंग पकड़ने के चक्कर में छात्र छत से गिरकर घायल हो गया था।
हादसे का शिकार छात्र एकांश मौर्य (14) हुआ। वह एसटीडीएम इंटर कॉलेज में कक्षा 9 का छात्र था। बुधवार की शाम वह घर पर अकेला था। पिता कैलाश दूध के टैंकर पर चालक का कार्य कर अपना परिवार पालते हैं। उसके बड़े भाई आशू का इलाज कराने के लिए मां अलीगढ़ गई हुई थी। एकांश मोहल्ले के बच्चों के साथ खेल रहा था, वह छत पर कटी पतंग पकड़ने के लिए गया हुआ था। छत से ही वह पड़ोस में चल रहे एक स्कूल की छत पर पहुंच गया। इस दौरान पतंग पकड़ने के चक्कर में वह स्कूल की छत से नीचे सिर के बल गिर पड़ा। जिससे उसके सिर में गम्भीर चोटें आईं। उसे तुरंत सीएचसी ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बच्चे की मौत पर परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। बृहस्पतिवार सुबह परिजनों ने बच्चे का अंतिम संस्कार कर दिया।