सोरोंजी में टप्पेबाजी की जानकारी देता युवक ।
कासगंज। सोरोंजी कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार को युवक से दो लोग टप्पेबाजी कर 1 लाख रुपये की नकदी लूट कर ले गए। मामले में आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है। गांव नगरिया निवासी राजेश पुत्र गौरी शंकर मंगलवार की सुबह करीब 11 बजे सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया से एक लाख रुपये की नकदी निकालने आया था। वह रुपये निकालने के बाद बैंक में बैठकर नोटों को गिनने लगा। उसी दौरान दो लोग आकर उसके पास बैठ गए और उससे 1.5 लाख रुपये बैंक में जमा करने की बात कहने लगे । उसने बताया कि दोनों ने उससे बैंक में रुपये जमा करने की जानकारी न होने की बात बताई। मना करने के बाद भी वह उस पर रुपये जमा करने का दबाव बनाने लगे। वह बैंक से निकलकर अपने घर की ओर जाने लगा। उसका आरोप है कि इस दौरान दोनों ने उसका पीछा कर उसे पेट्रोल पंप के पास रोक लिया। उनमें से एक व्यक्ति ने कपड़ा निकाल कर मेरे सामने घुमा दिया। इसके बाद दोनों उसके थैला से एक लाख रुपये की नकदी लेकर रफू चक्कर हो गए। उसने अपने साथ हुई घटना के बारे में नगरिया चौकी पुलिस से शिकायत की। चौकी पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाया। इसके बाद उसने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की है। सदर सीओ आंचल चौहान ने बताया कि युवक की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की है। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।