मैनपुरी। थाना दन्नाहार क्षेत्र के गांव त्रिलोकपुर निवासी एक महिला बुधवार को करहल चौराहा के पास टप्पेबाजी का शिकार हो गई। कार में बैठाकर चेकिंग के नाम पर जेवर उतरवा लिए गए। कार से उतरने के बाद महिला को धोखाधड़ी की जानकारी हो सकी। पीड़िता की ओर से कोतवाली में तहरीर दी गई है।दन्नाहार क्षेत्र के गांव त्रिलोकपुर निवासी फूल कुमारी बुधवार को किसी काम से शहर आईं थीं। दोपहर के समय वह गांव वापस जाने के लिए करहल चौराहा के पास वाहन का इंतजार कर रहीं थीं। तभी एक कार सवार दो युवकों ने फूल कुमारी से कहा कि वह लोग भी दन्नाहार क्षेत्र की ओर जा रहे हैं। वह कार में बैठ जाएं तो उन्हें भी छोड़ देंगे। टप्पेबाजों की बातों में आकर महिला त्रिलोकपुर जाने के लिए कार में बैठ गई। कुछ दूर चलने के बाद कार में बैठे एक टप्पेबाज ने चेकिंग की बात कहते हुए महिला के कुंडल, सोने की चेन, अंगूठी आदि उतरवा कर रूमाल में बांध दिए। कुछ दूर पर कार को रोक दिया और महिला से कहा कि कार में कुछ खराबी है। महिला जैसे ही नीचे उतरी तो कार सवार मौका पाकर वहां से भाग गए। महिला ने जब रूमाल खोला तो उसमें जेवर नहीं थे। ठगी की जानकारी होने के बाद पीड़िता ने कोतवाली में तहरीर दी।