मैनपुरी। शहर के एक मोहल्ला निवासी एक व्यक्ति की चचेरी नाबालिग बहन को एक इंटर कालेज में शिक्षक अपने साथ ले गया। कोतवाली में शिकायत दर्ज करते हुए बताया कि वह मूलरूप से थाना करहल क्षेत्र का रहने वाला है। उसकी नाबालिग चचेरी बहन कुछ दिन पूर्व बीमार पिता को देखने के लिए शहर स्थित घर आई थी। वह सुनूपुर स्थित एक इंटर कॉलेज की छात्रा है। उसी विद्यालय में नारायण दास शाक्य निवासी शाह हाजीपुर शिक्षण कार्य करता है। वह अपनी पुत्रवधू को परीक्षा दिलाने आगरा गया था। शाम को जब घर वापस आया तो पता चला कि चचेरी बहन घर पर नहीं थी। बच्चों ने बताया कि वह बाजार जाने की बात कह कर घर से गई है। भाई ने बताया कि बहन को नारायण दास बाइक पर बैठा कर ले गया है। उसके साथ उसका भांजा अरुण और दोस्त कपिल भी थे। दोनों बरनाहल के ही रहने वाले हैं। चचेरी बहन घर से जेवर और नकदी भी साथ ले गई है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।