पटियाली। तहसील क्षेत्र के नरदोली गांव में बारिश के दौरान शनिवार की रात जर्जर मकान की छत अचानक भरभरा कर ढह गई। गनीमत रहा कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। इसके चलते लोगों के साथ प्रशासन ने राहत की सास ली। हालांकि हादसे में पीड़ित परिवार के घर में रखा गृहस्थी के साथ अन्य सारे सामान खराब हो गए। घटनाक्रम के अनुसार शनिवार को हुई मूसलाधार बारिश में नरदोली गांव निवासी नेमवती पत्नी गंगा सिंह के मकान की छत अचानक ही भरभरा कर ढह गई । मकान गिरने पर हुई आवाज़ को सुनकर नेमवती और उसके परिवार के सदस्य डर गए। साथ ही घर से बाहर निकलकर गए। इसके अलावा आवाज सुनकर ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। लेकिन घर पर कोई नहीं मिला, इस पर लोगों को लगा कि परिवार के सदस्य ढहे मकान के मलबे में दब गए हैं। ग्रामीण आनन फानन में छत के मलबे को हटाने लगे। इस बीच परिवार के लोग वापस घर पर आ गए। ग्रामीणों ने बताया परिवार के सदस्यों को सुरक्षित देख सभी ने चैन की सांस ली। गांव के प्रधान पृथ्वीपाल सिंह ने इस घटना की सूचना एसडीएम कुलदीप सिंह को दी। उपजिलाधिकारी ने क्षेत्रीय लेखपाल रूपकिशोर यादव को मौके पर भेजकर क्षति का आकलन कराया।