कासगंज। पानी की पाइप लाइन मरम्मत करने के लिए मिशन चौराहा और पेट्रोल पंप के समीप पालिका ने गड्ढों की खोदाई की है। जिसकी मिट्टी सड़क पर डाले जाने से सड़क सकरी हो गई। सकरी सड़क होने से वाहन चालकों और राहगीरों को आवागमन में दिक्कतें हुईं।
वाटर पाइप लाइन लीकेज होने की शिकायत पर पालिका ने मथुरा बरेली मार्ग पर मिशन चौराहा और पेट्रोल पंप के समीप खोदाई कर मरम्मत का काम शुरू किया। गड्ढे की मिट्टी सड़क पर डाले जाने के कारण मार्ग में वाहनों के निकलने के लिए जगह कम हो गई। यहां से गुजरने पर वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वाहन चालक अपने वाहनों को धीरे-धीरे कर निकाल रहे हैं। दो दिन से चल रहे मरम्मत के कार्य के चलते लोगों को अवागमन में खासी परेशानी हो रही है। लोगों का कहना है कि इस कार्य को शीघ्र पूर्ण कराया जाए, जिससे मिट्टी हट सके और मार्ग पूरी तरह से खुल सके। ईओ धर्मराज सिंह ने बताया कि वाटर पाइप लाइन की मरम्मत का कार्य पूर्ण होते ही मिट्टी से गड्ढे को भरकर सड़क से मिट्टी हटवा दी जाएगी। लोगों को दिक्कतें नहीं होंगी।