कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित किसान दिवस में किसानों की समस्याएं सुनते डीएम प्रणय सिंह ।
कासगंज। कलेक्ट्रेट सभागार में किसान दिवस का आयोजन किया गया। इस मौके पर जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने किसानों की खाद, बिजली से जुड़ीं समस्याएं सुनीं। जिलाधिकारी ने कहा कि किसानों का हित सर्वोपरि है और उनकी समस्याओं का शीघ्रता से निराकरण होगा।। खाद की समस्या भी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने जिला कृषि अधिकारी को निर्देश दिए कि वे खाद वितरण की व्यवस्था का सुदृढ़ बनाएं।किसानों ने दस शिकायतें जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। इसके संबंध में कृषि अधिकारी व सहकारी समिति के प्रतिनिधियों ने किसानों को खाद के संबंध में जानकारी दी। जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया कि जनपद में खाद की कोई कमी नहीं है सभी समितियाें पर प्रचुर मात्रा में खाद उपलब्ध है। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों की समस्याओं का निस्तारण समय से किया जाए। वहीं उन्होंने जिला कृषि अधिकारी को निर्देश दिए कि जनपद में खाद के लिए प्रतिदिन भ्रमण पर रहे तथा सभी समितियाें पर जनपद स्थल से खाद वितरण के लिए कर्मचारियों की ड्यूटी भी लगाई जाए। जिससे किसानों को सही कीमत पर उर्वरक उपलब्ध हो सके। गन्ना भुगतान से संबंधित किसानों द्वारा उपलब्ध किए गए प्रश्न के उत्तर में गन्ना विभाग के जिला गन्ना अधिकारी द्वारा शीघ्र ही तीन करोड़ रुपये के भुगतान की बात रखी गई। किसान दिवस में विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।