गंजडुंडवारा। ग्राम पंचायत सिकंदरपुर वैश्य के माजरा रैदासपुर में रहने वाले मलखान को पुलिस ने जमीन के अंदर समाधि लेने से पुलिस ने रोक दिया। इसके बाद गांव में हलचल है। पुलिस ने उन्हें सतह पर बैठकर पूजा पाठ करने की अनुमति दी है। गांव रैदासपुर की आबादी लगभग 500 है। गांव के निवासी मलखान का परिवार गांव के बाहर खेतों के पास रहता है। बताया जाता है कि वह लंबे समय से तांत्रिक क्रियाओं और आध्यात्मिक साधनाओं में लिप्त रहते हैं। उन्होंने बताया कि छह माह पूर्व आकाशवाणी के माध्यम से संदेश मिला कि 16 अक्तूबर को सुबह 8 बजे जमीन के अंदर समाधि लेने पर दिव्य शक्ति प्राप्त होगी। इससे विश्व में शांति और लोगों के स्वास्थ्य में सुधार ला सकेंगे। इसके बाद उन्होंने समाधिक के लिए गांव के पास 7 फीट लंबा, 7 फीट चौड़ा और 7 फीट गहरा गड्ढा खुदवा लिया। समाधि लेने की सूचना फैलते ही ग्रामीणों की भीड़ सुबह से ही घटनास्थल पर जुटने लगी। इस बीच स्थानीय पुलिस को भी इसकी जानकारी मिली। चौकी इंचार्ज धीरज सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और उनको समझाने का प्रयास किया। इसके बाद उन्होंने अपनी जिद छोड़ दी और लिखित में जमीन के भीतर समाधि न लेने का आश्वासन दिया। इसके बाद उनको सतह पर बैठकर पूजा पाठ की अनुमति दे दी। सीओ संजीव वर्मा ने बताया कि ग्रामीण को जमीन के अंदर समाधि नहीं लेने दी। जमीन पर बैठकर पूजा पाठ कर सकते हैं।