मैनपुरी। जिलेभर में सावन के आखिरी सोमवार को शिवालय बम-बम भोले के जयकारों से गूंजते रहे। पूजा-अर्चना के लिए यहां आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। भक्तों ने भोलेनाथ का जलाभिषेक और रुद्राभिषेक किया। दिनभर उपवास रखकर आराध्य की पूजा अर्चना की।
सुबह तीन बजे से ही भक्तों ने मंदिर पहुंचना शुरू कर दिया। देररात तक शिवालयों में पूजन के लिए भीड़ रही। प्रसिद्ध श्री भीमसेन महाराज मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया। यहां मेला जैसे माहौल दिखा। श्री चांदेश्वर महादेव मंदिर पर भी सुबह से शाम तक भक्तों की लाइनें लगी रहीं। कुरावली, घिरोर, दन्नाहार, ज्योंति, बरनाहल, रठेरा ग्रामीण अंचल में भी शिवालयों में भक्तों की भीड़ रही। करहल और किशनी में सुबह से श्रद्धालु मंदिर पहुंचना शुरू हो गए। भक्तों ने भोलेनाथ को बेलपत्र, पुष्प, चंदन, दुग्ध आदि अर्पित करके पूजा अर्चना की। देरशाम तक मंदिरों पर पूजा-पाठ के साथ भजन-कीर्तन और भंडारों का आयोजन होता रहा। किशनी में सिद्धपीठ शिव मंदिर पर भंडारे में खीर का वितरण किया गया।
चढ़ाई कांवड़
शिवालयों में बड़ी संख्या में कांवड़िए पहुंचे और भोलेनाथ का गंगाजल से अभिषेक किया। बड़ी संख्या में जिले के कांवडिया फर्रुखाबाद से गंगाजल लेकर लौटे।