शौच के लिए खेत पर गए वृद्ध की तालाब में गिरकर हुई मौत
-नगला परम मे हुआ हादसा, बेवर पुलिस ने कराया शव का पोस्टमार्टम
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। थाना बेवर क्षेत्र के गांव नगला परम में रविवार की सुबह खेत पर शौच के लिए गए एक वृद्ध की तालाब में गिरकर मौत हो गई। करीब एक घंटे बाद परिजन को जानकारी हो सकी। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव तालाब से निकलवाने के बाद मोर्चरी भिजवाया। हादसे के बाद मृतक के घर में कोहराम मचा हुआ है।
बेवर क्षेत्र के गांव नगला परम निवासी किसान वीरेंद्र सिंह (60) रविवार की सुबह करीब पांच बजे खेत पर शौच के लिए गए थे। करीब एक घंटे बाद ग्रामीणों ने उनका शव गांव के बाहर तालाब में पड़ा देखा तो परिजन को सूचना दी। जानकारी मिलने के बाद रोते बिलखते परिजन मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने के बाद थाना पुलिस भी मौके पर आ गई। परिजन ने बताया कि संभवत: पैर फिसलने की वजह से वृद्ध तालाब में गिरकर मौत हुई है। इसके बाद पुलिस ने मौत का सही कारण जानने के लिए शव का पोस्टमार्टम कराया।