कासगंज। पटियाली में निपुण भारत मिशन के अंतर्गत भाषा एवं गणित में शिक्षकों की क्षमता संवर्धन हेतु चार दिवसीय ब्लॉक स्तरीय प्रशिक्षण का शुभारंभ हुआ। प्रशिक्षण के पहले दिन निपुण भारत मिशन के उद्देश्य के बारे में जानकारी दी गई।खंड शिक्षा अधिकारी शशिकांत यादव ने बताया कि प्रशिक्षण का आयोजन बीआरसी पर अलग-अलग दो बैच में कराया जा रहा है। सभी सरकारी और गैर सरकारी स्कूलों में इस मिशन के अंतर्गत सहयोग दिया जाएगा। इसका उद्देश्य बच्चों की शिक्षा की बुनियाद मजबूत हो सके। निपुण मिशन के माध्यम से कक्षा 3 से 6 तक पढ़ने वाले बच्चों को भाषा एवं गणित में साक्षरता और संख्यात्मक का ज्ञान प्रदान किया जाएगा। जिससे उनका सही समय पर सही विकास हो सके।सभी शिक्षक पूर्ण मनोयोग के साथ प्रशिक्षण की बारीकियों को सीखकर अपने विद्यालय में क्रियान्वयन करें। प्रशिक्षण में एआरपी चंद्रदेव दीक्षित, एआरपी आनंद कुमार, एआरपी अरविंद यादव एवं एआरपी सत्येंद्र सिंह ने प्रशिक्षण प्रदान किया। उन्होंने कहा कि बेसिक शिक्षा में प्रत्येक कक्षा के पठन के लक्ष्य को निर्धारित किया गया है। अब कोई भी शिक्षक मनमाने तौर पर बच्चों को नहीं पढ़ा सकेगा। इसके लिए शेड्यूल निर्धारित कर दिया गया है।