आगरा। साकेत कॉलोनी (शाहगंज) में सोमवार रात को दवा व्यापारी की कार उनके घर के बाहर खड़ी थी। शीशा तोड़कर चोर 50 हजार रुपये से भरा बैग उठा ले गए। पीड़ित ने पुलिस को जानकारी दी।
साकेत कॉलोनी निवासी विक्रांत गौर की फार्मेसी है। उन्होंने बताया कि रात आठ बजे घर के बाहर कार खड़ी थी। वह काम में लगे थे। रात में किसी समय चालक की तरफ का शीशा तोड़कर बैग चुरा लिया गया। बैग में 50 हजार रुपये और कागजात थे। विक्रांत ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने जांच में पाया कि कोठी के पास ही चाय के खोखे पर दोपहर में कुछ युवक आए थे। नशा कर रहे थे। इस दौरान कार के पास जाकर देख रहे थे। दुकानदार के टोकने पर युवक चले गए। शक है कि उन्होंने ही वारदात को अंजाम दिया है। एक युवक इंस्टाग्राम पर सक्रिय रहता है। पुलिस को उसकी फोटो मिली है। पुलिस उसके नाम और पते के बारे में जानकारी जुटा रही है।