मैनपुरी। शहर में दिनदहाड़े स्टेशन रोड पर जिम संचालक पर फायरिंग करने वाला मुख्य आरोपी गोल्डी चौहान अभी तक पुलिस की गिरफ्त से दूर है। घटना में गोली लगने से एक चिकित्सक घायल हुए हैं। चर्चा है कि राजनीति दबाव के चलते मामले में कार्रवाई नहीं हो रही है।
काेतवाली क्षेत्र में 4 अक्तूबर की सुबह बैंक कॉलोनी निवासी हिमांशू सिंह का जिम पर नशे की हालत में आए गांव बिछिया निवासी गोल्डी चौहान और खरपरी निवासी गोपाल चौहान से विवाद हो गया था। इसके कुछ देर बाद आरोपियों ने जिम के बाहर आकर हंगामा किया और गोल्डी ने संचालक पर जानलेवा हमला करते हुए एक के बाद एक कई राउंड फायर किए थे। एक गोली जिम करने आए चिकित्सक के सिर में लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उनका इलाज मेडिकल कॉलेज सैफई में चल रहा है। बता दें कि कोतवाली पुलिस ने आनन फानन एक आरोपी गोपाल चौहान को जेल भेज दिया है। लेकिन मुख्य आरोपी गोल्डी चौहान अभी भी आजाद है। चर्चा है कि राजनीतिक दबाव के चलते पुलिस मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी नहीं कर रही है। मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया गया है। मामले में एएसपी राहुल मिठास का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार का जेल भेजा जाएगा।