बिचपुरी। थाना किरावली क्षेत्र के गांव कराहरा में रिटायर्ड फौजी बनवीर सिंह (60) की हत्या का मामला दस माह बीत जाने के बाद भी अनसुलझा बना हुआ है। 18 जून को मृतक के पुत्र ने मामले के खुलासे की मांग को लेकर पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) से गुहार लगाई है। मृतक के पुत्र राहुल सिंह ने बताया कि पुलिस विवेचना के दौरान पांच संदिग्धों के नाम सामने आए थे। पुलिस ने उनके पॉलीग्राफ टेस्ट कराने के लिए न्यायालय में प्रार्थना पत्र दिया था लेकिन प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी। राहुल का कहना है कि उन्होंने लखनऊ में डीजीपी राजीव कृष्ण से मुलाकात कर मामले के शीघ्र खुलासे की मांग की है। इससे पहले वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी मिलकर न्याय की गुहार लगा चुके हैं। वहीं, मृतक के भाई हरेंद्र सिंह उर्फ पप्पू ठेकेदार ने बताया कि गत वर्ष पांच अगस्त की रात घर में अकेले सो रहे बनवीर सिंह की हत्या कर बदमाश करीब सात लाख रुपये के जेवर और नकदी ले गए थे। घटना के संबंध में अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी लेकिन अब तक न तो आरोपियों की पहचान हो सकी है और न ही चोरी गया सामान बरामद हो पाया है। डीसीपी पश्चिमी जोन आदित्य सिंह ने बताया कि मामले में टीम लगी है। पड़ताल की जा रही है। साक्ष्य संकलन के बाद कार्रवाई की जाएगी।