लक्ष्मणपुर में पानी भरने गई युवती को रसूखदारों ने पीटा
- नामजद लोगों के खिलाफ किशनी थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
कुसमरा। गांव लक्ष्मणपुर में रविवार की शाम एक युवती घर के बाहर लगे सरकारी हैंडपंप से पानी भरने गई तो वहां मौजूद रसूखदारों ने रोक दिया। विरोध करने पर गालियां देते हुए पीटकर घायल कर दिया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की है।
थाना किशनी क्षेत्र के अलीपुर मजरा के गांव लक्ष्मणपुर निवासी शिवानी रविवार की शाम घर के बाहर लगे सरकारी हैंडपंप से पानी भरने के लिए गई थी। तभी वहां मौजूद गांव निवासी रसूखदार अवनीश, श्याम सिंह, पंकज, रीना देवी और सरला देवी ने पानी भरने से रोक दिया। इस बात को लेकर विवाद हुआ तो रसूखदारोंं ने युवती को पीटना शुरू कर दिया। चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग एकत्र हो गए। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने घायल युवती का मेडिकल कराया। रसूखदारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच व कार्रवाई शुरू कर दी है।