मृतका मिथिलेश कुमारी का फाइल फोटो।
बेवर। मोहल्ला मिरकिचिया में एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने फंदा लगाकर जान दे दी। जानकारी होने के बाद घर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
थाना क्षेत्र के मोहल्ला मरकिचिया निवासी मिथलेश कुमारी (55) गांव करपिया स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पर कार्यकर्ता के पद पर कार्यरत थीं। काफी समय से वह मस्तिष्क संबंधी समस्या से ग्रस्त चल रहीं थीं। उनका इलाज भी चल रहा था। सोमवार की शाम जब मोहल्ले की एक बच्ची मिथलेश कुमारी को खाना देने पहुंची तो अंदर से लोहे का चैनल बंद था। बच्ची के काफी आवाज देने के बाद भी कोई जवाब नहीं आया तो बच्ची घर आ गई। बच्ची की जानकारी के बाद जब ग्रामीणों ने चैनल के अंदर झांक कर देखा तो मिथलेश का शव फंदे पर लटका हुआ था। सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने खुदकुशी क्यो कि इसको लेकर अभी तक किसी वजह की जानकारी नहीं हो सकी है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई करेगी।