मैनपुरी। जिले में बुखार से मरने वालों की संख्या बढ़ती जा रही है। पिछले 24 घंटे में जिला अस्पताल में भर्ती बुखार के दो और मरीजों ने दम तोड़ दिया। अस्पताल में 43 मरीजों को विभिन्न बीमारियों से पीड़ित होने पर भर्ती कराया गया। यहां से छह मरीजों को हालत बिगड़ने पर मेडिकल कॉलेज सैफई के लिए रेफर किया गया। महाराजा तेज सिंह जिला अस्पताल में सोमवार को बारिश के बाद भी मरीजों की भीड़ रही। अस्पताल की ओपीडी में 1144 मरीजों ने प्राथमिक उपचार लिया। विभिन्न बीमारियों से पीड़ित होने पर डॉक्टरों की सलाह पर 43 मरीज भर्ती कराए गए। थाना दन्नाहार क्षेत्र के गांव नगला मान सिंह निवासी भोजपाल (71) को दो दिन पहले बुखार आया था। परिजन उनका एक निजी डॉक्टर के यहां उपचार करा रहे थे। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे यहां डॉक्टर ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। कस्बा भोगांव के मोहल्ला गड्ढा निवासी निजामुद्दीन (65) को रविवार को बुखार आया और उन्हें सीने में दर्द के साथ उल्टी हुई थी। परिजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे यहां डॉक्टर ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रभारी सीएमएस डॉ. संजय गुप्ता ने बताया कि दोनों ही मरीजों को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था। परिजन के अनुसार उन्हें बुखार था।