कासगंज। सहावर के ब्लॉक प्रमुख कृष्ण प्रताप के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने के लिए क्षेत्र पंचायत सदस्य लामबंद हो गए हैं। लामबंद क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने जिलाधिकारी के समक्ष एक प्रार्थना पत्र देकर अविश्वास प्रस्ताव लाने की मंशा जाहिर की है। जिलाधिकारी ने क्षेत्र पंचायत सदस्यों के प्रतिनिधि मंडल को प्रार्थना पत्र पर अध्ययन करने का भरोसा दिया।
प्रधान क्षेत्र पंचायत स्वाभिमान संघ के जिलाध्यक्ष श्रीकांत सागर एवं जिला उपाध्यक्ष राजकुमार वर्मा के नेतृत्व में 44 क्षेत्र पंचायत सदस्यों की ओर से जिलाधिकारी को अविश्वास प्रस्ताव लाने के संबंध में प्रस्ताव सौंपा गया है। जिलाध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष ने ब्लॉक प्रमुख पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि किसी भी बैठक में क्षेत्र पंचायत सदस्य को बोलने नहीं देते। तानाशाही का आलम है। ऐसी स्थिति में अविश्वास प्रस्ताव के अलावा कोई और विकल्प नहीं है। जिलाधिकारी से क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने तिथि निर्धारण की मांग की। इस पर जिलाधिकारी ने क्षेत्र पंचायत सदस्यों को प्रार्थना पत्र का अध्ययन करने का भरोसा दिया।