शिकोहाबाद। इमरजेंसी में तैनात डॉक्टर ने स्टाफ के साथ गाली गलौज और अभद्रता कर दी। जिसकी जानकारी स्टाफ ने रात में ही सीएमएस को दी। सीएमएस रात में इमरजेंसी पहुंचे और डॉक्टर और स्टाफ को समझा कर मामला शांत कराया।
शुक्रवार रात को इमरजेंसी में डॉ. अनुराग कांत वर्मा की ड्यूटी थी। स्टाफ का आरोप है कि डॉक्टर रात में गाली गलौज करने लगे। जब स्टाफ ने विरोध किया तो उनके साथ अभद्रता कर दी। इसकी जानकारी स्टाफ ने रात एक बजे सीएमएस को दी। सूचना पर इमरजेंसी पहुंचे सीएमएस डॉ. सत्यप्रकाश शर्मा ने डॉक्टर और स्टाफ को समझा कर मामला शांत करा दिया।
डाक्टर के रवैये से स्टाफ में आक्रोश फैल गया। शनिवार सुबह स्टाफ एकत्रित हुआ और चिकित्सक के खिलाफ लामबंद हो गए। उन्होंने एक शिकायती पत्र सीएमएस को भी दिया है। जिसमें डॉक्टर के खिलाफ कार्यवाही की मांग की है। इस संबंध में सीएमएस डॉ. शर्मा का कहना है कि कर्मचारियों ने डॉक्टर के खिलाफ प्रार्थनापत्र दिया है। मामले की जांच कराई जाएगी। डॉक्टर से स्पष्टीकरण मांगा जा रहा है।