कासगंज। ग्राम भट्ठा नगला में पेबशी खाने से 20 लोगों की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें पेट दर्द, उल्टी, दस्त की शिकायत पर प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के बाद हालत में सुधार होने पर सभी लोगों को डिस्चार्ज कर दिया। इसके बाद पीड़ित सभी लोग घर में स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं।ग्राम भट्ठा नगला निवासी चूणामल की गाय हाल ही में ब्याई थी। बुधवार को दोपहर के समय गांव में परिचितों के घर पर पेबशी को भेजा गया। पेबशी खाने से गांव के निवासी रामू की पुत्री रोशनी (18), अजय कुशवाह की पुत्री रिंकी (11), तनिष्का (8), खुशी (4), पुत्र कुनाल (6), दक्ष (3), महावीर की पुत्री रिया (3), अजय की पुत्री शिवानी (11), कांता (4), किशन (7), विपिन की पत्नी सोनम (35), जवाहर की पत्नी शांती देवी (60) सहित 20 लोगों की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें उल्टी, दस्त, पेट दर्द आदि की शिकायत होने पर परिजन निजी चिकित्सकों के यहां लेकर पहुंचे। दो दिन तक सभी का इलाज चलता रहा। शुक्रवार को राहत मिलने पर सभी को डिस्चार्ज किया गया।