मैनपुरी। जिले में 1894 परिषदीय स्कूलों की दशा सुधारी जाएगी। इनका जल्द ही नए सिरे से कायाकल्प किया जाएगा। राज्य परियोजना निदेशक ने इस कार्य के लिए 4.94 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत कर पहली किस्त के रूप में 2.47 करोड़ रुपये जारी कर दिए हैं। जिले में कुल 1909 परिषदीय स्कूल संचालित हो रहे हैं। इनमें से 15 विद्यालयों में पीएम श्री योजना के तहत काम चल रहा है। 1894 स्कूलों का कायाकल्प राज्य परियोजना से किया जाएगा। बीएसए दीपिका गुप्ता ने बताया कि प्राप्त धनराशि को विद्यालय प्रबंध समिति के खातों में भेजने की तैयारी शुरू हो चुकी है, जिससे स्कूलों में सुधार कार्य जल्द शुरू हो सकें। हाल ही में जिले के 339 विद्यालयों की पास के ही दूसरे स्कूलों में पेयरिंग की गई है। कायाकल्प के लिए चुने गए स्कूलों में ये पेयरिंग वाले स्कूल भी शामिल हैं। बीएसए दीपिका गुप्ता ने राज्य परियोजना निदेशक को पत्र लिखकर सलाह मांगी है कि इन पेयरिंग हुए स्कूलों के कायाकल्प की धनराशि भेजी जाएगी या नहीं।