बिचपुरी। ब्लॉक क्षेत्र के मिढ़ाकुर स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय मिढ़ाकुर प्रथम कंपोजिट दो भवनों में संचालित हो रहा है। भवन जर्जर हो चुका है, जिससे बच्चों को पढ़ने में परेशानी आती है। इंचार्ज प्रधानाध्यापिका आदर्श भार्गव ने बताया कि कुल पांच कमरे और एक बरामदा है, जो क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। शौचालय भी जर्जर अवस्था में पहुंच चुका है। पूर्व में एक कक्ष में सांप निकल आने की घटना से बच्चों और शिक्षकों में दहशत फैल गई थी। उन्होंने बताया कि वर्तमान में 199 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। बेसिक शिक्षा अधिकारी से भवन मरम्मत कराने की मांग की है। खंड शिक्षा अधिकारी रंजन गुप्ता ने बताया कि मामला संज्ञान में है। विद्यालय की मरम्मत के संबंध में खंड विकास अधिकारी और एडीओ पंचायत से वार्ता करेंगे। संवाद