बाह। विक्रमपुर गांव में भागवत कथा हो रही है। सोमवार को कथा में रवीता शास्त्री ने कहा कि कृष्ण की बाल लीलाएं प्रेम और उद्धार का संदेश देती हैं। उन्होंने कहा कि भगवान की दृष्टि में कोई भेदभाव नहीं होता। श्रीकृष्ण की मक्खन चोरी लीला भक्त के हृदय को आकर्षित करने का प्रतीक है। उन्होंने पूतना और बकासुर वध की घटनाओं को भी आध्यात्मिक दृष्टिकोण से समझाते हुए कहा कि श्रीकृष्ण का अवतार प्रेम और उदारता का प्रतीक है। भगवान हर व्यक्ति को सुधारने और आगे बढ़ने का अवसर देते हैं, चाहे उसने कोई भी गलती क्यों न की हो। प्रवचन के दौरान पंडाल श्रीकृष्ण भगवान के जयकारे से गूंज उठा, पूरा वातावरण भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से भर गया। इस दौरान परीक्षित मनोज कुमार, कुसुम देवी, यज्ञपति खेलन सिंह, विद्या देवी आदि मौजूद रहे।