कासगंज। जिले में आज होने वाले मतदान के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। संवेदनशील, अतिसंवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील प्लस श्रेणी के मतदान स्थलों को निर्धारित किया गया है। जिनमें 58 संवेदनशील, 38 अतिसंवेदनशील एवं 10 अतिसंवेदनशील प्लस श्रेणी के मतदान केंद्र है। जहां सुरक्षा पैरामिलिट्री और पीएसी के हवाले रहेगी। डीएम हर्षिता माथुर एवं एसपी सौरभ दीक्षित ने मतदान की पूर्व संध्या पर जिले के अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में भ्रमण कर बूथों की सुरक्षा व्यवस्था देखी। डीएम हर्षिता माथुर व एसपी सौरभ दीक्षित ने बताया कि जिले में पैरामिलिट्री फोर्स आईटीबीपी की एक कंपनी, पीएसी की 2 प्लाटून के अलावा बाहरी जनपदों का पुलिसबल भी जिले में आया है। मतदान केंद्रों पर पूरी सुरक्षा के लिए मतदाता भयमुक्त होकर मतदान कर सकेंगे। यदि कोई भी मतदान प्रक्रिया को बाधित करेगा तो ऐसे तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बताया गया कि जिले में 19 स्थानों पर बैरियर लगाए गए हैं। कासगंज, सोरोंजी, सहावर, गंजडुंडवारा, पटियाली, भरगैन में 5 महिला क्यूआरटी टीम बनाई गई हैं। अधिकारियों के काफिले में पीएसी के जवान मौजूद रहेंगे और मुख्यालय पर एक प्लाटून पीएसी रिजर्व रखी गई है। पैरामिलिट्री फोर्स की तैनाती भी सभी निकाय क्षेत्रों में की गई है। डीएम और एसपी ने लोगों से शांतिपूर्वक मतदान में हिस्सा लेने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि अधिक से अधिक लोग मतदान करें।