कासगंज । शहर के बिलराम गेट क्षेत्र से चार दिन पूर्व ईद पर हजारा नहर पर दोस्तों के साथ घूमने गया युवक लापता हो गया। काफी तलाश करने पर उसका कोई पता नही चला। बृहस्पतिवार की सुबह उसका शव हजारा नहर से बरामद हुआ है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।क्षेत्र के बिलराम गेट चकइया मस्जिद के समीप निवासी मौसम (32) पुत्र कल्लू 31 मार्च को ईद के दिन अपने दोस्तों के साथ बाइक पर सवार होकर ततारपुर हजारा नहर पर घूमने के लिए गया था। उसी दौरान वह वहां से लापता हो गया। परिजन ने उसे काफी तलाश किया लेकिन उसका कहीं पता नही चला। एक अप्रैल को उसकी बाइक नहर के समीप पड़ी मिली। परिजन ने उसके लापता होने पर सदर कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई । पुलिस ने हजारा नहर व आसपास के क्षेत्र में उसके बारे में जानकारी की। बृहस्पतिवार की सुबह करीब 7 बजे उसका शव नहर के पानी में उतराता मिला। नदरई ग्राम प्रधान भूपेंद्र ने शव के मिलने की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस व परिजन मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने लोगों की मदद से शव को नहर से बाहर निकाला। मृतक मौसम के चाचा सगीर अहमद ने बताया कि मौसम दिल्ली में रहकर कारपेंटर का कार्य करता था। वह ईद मनाने के लिए घर आया था। उसके तीन बच्चे हैं। इसमें बड़ी बेटी आशिया (9), दो बेटे शोएब (6) और जोहान (3) हैं। तीनों बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। मौसम की मौत से पत्नी शबनम, मां अख्तरी बेगम सहित अन्य परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।