कासगंज। हादसे में सिपाही की मौत के बाद बैंक से मिले दुर्घटना बीमा का 40 लाख रुपये क्लेम को सिपाही के पिता को देने को लेकर उसकी पत्नी ने धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए सिपाही के पिता, बैंक मैनेजर के खिलाफ केस दर्ज कराया है। पुलिस केस दर्ज कर मामले की छानबीन में जुट गई है।
गंजडुंडवारा थाने में तैनात सिपाही अनिल कुमार कृष्ण जन्मभूमि मथुरा से ड्यूटी करके 25 जनवरी को मथुरा स्थित आवास पर जा रहा था। मथुरा में बलदेव चौराहे पर सड़क हादसे में उसकी मौत हो गई। उसकी सैलरी पैकेज के तहत 40 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा का क्लेम बना। सिपाही की पत्नी रामा का कहना है कि यह क्लेम की धनराशि उसे मिलनी चाहिए थी, क्योंकि वह आश्रित है और उसकी दो वर्ष की बच्ची हैं। उसका आरोप है कि उसके ससुर नरोत्तम ने बैंक मैनेजर के साथ सांठ - गांठ करके बीमा का क्लेम 40 लाख रुपये भुगतान करा लिया। जब उसे इसकी जानकारी हुई तो उसने आपत्ति की। पत्नी रामा ने मामले की शिकायत एडीजी आगरा जोन से की । उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी कासगंज को रिपोर्ट दर्ज किए जाने के आदेश दिए। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सिद्धार्थ तोमर ने बताया कि उच्चाधिकारियों के आदेश पर धोखाधड़ी, जालसाजी आदि धाराओं में ससुर नरोत्तम एवं स्टेट बैंक कृषि विकास शाखा के मैनेजर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की पड़ताल की जा रही है।