मैनपुरी। कस्बा कुर्रा निवासी एक युवक को मारने की नियत से नामजद लोगों ने जहरीला पदार्थ खिला दिया। आरोपी युवक को मरा हुआ समझ कर चले गए। मेडिकल कॉलेज में उपचार के एक सप्ताह बाद होश आने पर युवक ने बताया कि उसके गुप्तांग में डंडा डालने की कोशिश की गई थी। पुलिस ने इस शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज नहीं की। इसके बाद पीड़ित ने न्यायालय के आदेश पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई है। कुर्रा थाना क्षेत्र की रहने वाली सरिता देवी ने बताया कि देवर सौरभ दिल्ली स्थित एक कंपनी में काम करता था। 9 जुलाई वह घर के लिए निकला। 10 जुलाई को वह गांव आया तो रंजिश रखने वाले गांव निवासी विपिन शर्मा, सर्वेश शर्मा, गौतम और दो अन्य लोग उसे किसी तरह बेहोश कर अपने साथ किशनी की ओर ले गए। वहां जान से मारने के लिए जहरीला पदार्थ खिलाया दिया। उसे मरा हुआ समझ कर आरोपी छोड़ कर चले गए।
इस बीच किसी राहगीर की सूचना पर भाभी सरिता मौके पर पहुंची और देवर को एंबुलेंस से सीएचसी किशनी में भर्ती कराया। बाद में मेडिकल कॉलेज में उसका उपचार चला। एक सप्ताह तक आईसीयू में रहने के बाद जब सौरभ को होश आया तो बताया कि उसके साथ अप्राकृतिक कृत्य किया गया। उसके गुप्तांग में आरोपियों ने डंडा डालने की कोशिश की। इसकी शिकायत जब थाने में की गई तो पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया। इसके बाद सरिता ने न्यायालय की शरण ली। न्यायालय के आदेश पर बृहस्पतिवार को पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।