बता दें कि भाजपा ने बिगड़ती कानून व्यवस्था के खिलाफ चरणबद्ध आंदोलन
छेड़ रखा है। इसी क्रम में शनिवार को युवा मोर्चा के अलावा, बूथ प्रबंधन
प्रकोष्ठ, व्यापार प्रकोष्ठ, अल्पसंख्यक मोर्चा, अनुसूचित मोर्चा, किसान
मोर्चा, जल प्रबंधन प्रकोष्ठ, गंगा प्रकोष्ठ, लघु उद्योग प्रकोष्ठ का
कलेक्ट्रेट पर संयुक्त प्रदर्शन हुआ। सभी प्रकोष्ठों के कार्यकर्ता पहले तो
पूर्वाह्न 11 बजे एमजी रोड स्थित चामुंडा देवी मंदिर पर एकत्रित हुए। इसके
बाद जुलूस के रूप में कलेक्ट्रेट की ओर बढ़े। ढोल नगाड़े के साथ युवा
मोर्चा के सदस्य जुलूस का नेतृत्व करते हुए आगे चल रहे थे। पूर्वाह्न 11.50
बजे भाजपाइयों ने जिलाधिकारी कार्यालय के सामने प्रदर्शन शुरू कर दिया।
यहां पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। इधर, ज्ञापन लेने के लिए एडीएम
सिटी राजेश कुमार श्रीवास्तव और एसपी सिटी राजेश कुमार सिंह पहले से ही
तैयार खड़े थे। कुछ मिनट नारेबाजी के बाद दोनों अधिकारी मौके पर पहुंचे और
ज्ञापन लिया। इसके साथ ही प्रदर्शन का समापन हो गया। लगभग 10 मिनट तक ही
प्रदर्शन चला। इससे पहले युवा मोर्चा के महानगर अध्यक्ष दीपक ढल ने कहा कि
पुलिस थाने दलालों और लुटेरों के अड्डे बन गए हैं। प्रदर्शन में बूथ
प्रबंधन के अध्यक्ष अनुराग चतुर्वेदी, व्यापार प्रकोष्ठ के अध्यक्ष बांके
बिहारी अग्रवाल, अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष इरफान कुरैशी, अनुसूचित
मोर्चा के अध्यक्ष श्याम सुंदर, किसान मोर्चा के श्याम सिंह चाहर, जल
प्रबंधन प्रकोष्ठ के आशीष पाराशर, गंगा प्रकोष्ठ के हरिओम शर्मा, लघु
उद्योग से विनय अग्रवाल के अलावा मनीष गौतम, मनोज गर्ग, नवल तिवारी, सहदेव
शर्मा, गौरव राजावत आदि मौजूद थे। महानगर की ओर से व्यवस्था संभालने वालों
में विधायक जगन प्रसाद गर्ग, कार्यवाहक महानगर अध्यक्ष गणेश चंद, महामंत्री
दीपक खरे, अनिल चौधरी, ललित चतुर्वेदी, डा. रामबाबू हरित, अशफाक सैफी,
भानु महाजन, शरद चौहान, मनोज शर्मा, सुमित उपाध्याय आदि मौजूद थे।