इटावा निवासी महिला से करीब एक माह पहले टेंपो चालक ने चाकू दिखाकर जेवर लूट लिए थे। शिकायत दर्ज न होने पर पीड़िता ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजा था। आदेश के बाद थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच व कार्रवाई शुरू कर दी है।
थाना बकेवरा क्षेत्र के गांव उझानी निवासी साधना देवी ने बताया कि 24 नवंबर को टेंपो से कस्बा आ रही थी। रास्ते में किशनी थाना क्षेत्र में चालक ने अचानक टेंपो रोक दिया और चाकू निकाल कर धमकाने लगा। मंगलसूत्र, अंगूठी और दो हजार रुपये लूट लिए। चालक उसे टेंपो से बाहर धकेल कर भाग गया। उसने थाने जाकर शिकायत की लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। उसने मुख्यमंत्री को शिकायती पत्र भेजा था। शिकायत पर एसपी के आदेश के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रभारी निरीक्षक अनिल सिंह ने बताया कि टेंपो के नंबर के आधार पर तलाश की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।