ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
आगरा के ग्वालियर हाईवे स्थित तेहरा से नगला धनिया होती हुई कागारौल जाने वाली सड़क गांव में जल निकासी न होने के कारण गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। बुधवार को कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने निरीक्षण कर लोक निर्माण विभाग से सड़क निर्माण की मांग की। मरम्मत न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। तेहरा से कागारौल तक सड़क का निर्माण करीब पांच वर्ष पूर्व लोक निर्माण विभाग ने कराया था। तेहरा गांव में जल निकासी न होने के कारण नालियों का गंदा पानी सड़क पर भरा रहता है। जलभराव के कारण सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। अनगिनत गड्ढे हो गए हैं। नगला गडुआ और नगला धनिया के बाशिंदे जलभराव के चलते बेहद परेशान हैं। ग्रामीणों की शिकायत पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामनाथ सिंह सिकरवार ने बुधवार को मौके का निरीक्षण कर लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से तत्काल सड़क को गड्ढा मुक्त कराने की मांग की है। सड़क की मरम्मत न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। मामले में लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता गजेंद्र वार्ष्णेय ने जल्द सर्वे कर कार्रवाई की बात कही है। वहीं खंड विकास अधिकारी जयकिशन दोहरे ने जल निकासी की उचित व्यवस्था कराने का आश्वासन दिया है।