कासगंज। पटियाली क्षेत्र के एक गांव से अगवा की गई किशोरी को पुलिस ने कादरगंज रोड से बरामद कर लिया। पुलिस ने उसके परिजनों को सूचना दे दी है। महिला आरक्षी के सहयोग से किशोरी के वीडियो रिकाॅर्डिंग बयान दर्ज किए गए। किशोरी को चिकित्सीय परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा है।
गांव से किशोरी 23 अप्रैल को अपने घर पर अकेली थी। परिजन गेहूं की कटाई करने के लिए खेत पर गए हुए थे। वापस आने पर किशोरी उन्हें नहीं मिली। तलाशी के दौरान पिता को जानकारी हुई कि चंद्रपाल निवासी हरौड़ा उसे अगवा कर ले गए हैं। किशोरी के पिता ने मामले में आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस सर्विलांस की मदद लेकर किशोरी को बरामद करने के प्रयास में जुटी हुई थी। बृहस्पतिवार की शाम पुलिस को सूचना मिली कि किशोरी वाहन की तलाश में कादरगंज रोड पर खड़ी है। मौके पर पहुंचकर पुलिस किशोरी को बरामद कर थाना ले आई। बरामदगी की सूचना उसके परिजन को दी।
सीओ पटियाली विजय राणा ने बताया कि अगवा की गई किशोरी कादरगंज रोड से बरामद हुई है। विवेचक ने वीडियो रिकॉर्डिंग बयान दर्ज किए हैं। उसका चिकित्सीय परीक्षण कराया जा रहा है। शीघ्र ही न्यायालय के समक्ष बयान दर्ज कराए जाएंगे।