कासगंज। ढोलना थाना क्षेत्र में मंगलवार की देर शाम एक किशोरी के अपहरण की सूचना पर पुलिस चक्करघिन्नी बन गई। सीओ और थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस मुकदमा दर्ज करने की तैयारी कर रही थी। इस दौरान रात में किशोरी घर के स्टोर रूम में रखी अलमारी से छिपी हुई मिल गई। पूछताछ में पता चला कि किशोरी परीक्षा के डर से अलमारी में छिप गई थी। किशोरी के सकुशल मिलने के बाद परिजनों और पुलिस ने राहत की सांस ली। ढोलना थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली 14 साल की किशोरी कक्षा छह में पढ़ती है। वह पिछले करीब 10-15 दिनों से स्कूल नहीं जा रही थी। उसकी परीक्षाएं जल्द शुरू होने वाली है। परीक्षा को लेकर वह काफी घबरा गई। वह मंगलवार की सुबह स्कूल जाने के लिए तैयार हुई। इस दौरान परिवार वाले पशुओं को चारा डालने में व्यस्त थे। परिवार वालों को लगा कि वह अपनी मौसी के बच्चों के साथ स्कूल चली गई है। इस पर परिजन भी खेत पर चले गए। किशोरी के दोपहर तक स्कूल से घर वापस नहीं लौटने पर परिजन को चिंता हुई। वे उसे खोजते हुए उसकी मौसी के घर पहुंचे तो पता चला कि किशोरी उनके साथ स्कूल गई ही नहीं थी। ये सुनकर परिजनों के होश उड़ गए। उन्होंने उसकी सब जगह तलाश शुरू कर दी, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। परिजन ने शाम को करीब छह बजे पुलिस को उसके अपहरण की आशंका जताते हुए सूचना दी तो थाने से तुरंत फोर्स मौके पर पहुंच गया।सीओ सदर आंचल चौहान भी किशोरी के घर पहुंच गई। परिजनों से किशोरी के बारे में पूछताछ की। इसके बाद पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में रवाना कर दी गई। रात करीब 10 बजे पुलिस परिजन की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करने की तैयारी में जुटी थी। इस दौरान किशोरी घर के दूसरे हिस्से में बने स्टोर रूम में रखी अलमारी में छिपी हुई मिल गई। परिजनों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सीओ आंचल चौहान ने बताया कि किशोरी के अपहरण की सूचना मिली थी। पुलिस जांच में जुटी थी। इस दौरान रात में किशोरी घर की अलमारी में छिपी हुई मिल गई।