कासगंज। ढोलना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों से अपहृत बालकों की वापसी के लिए एएसपी ने टीम गठित की। एक बालक करीब साढ़े तीन वर्ष पूर्व और दूसरा करीब दो वर्ष पूर्व अपहृत किए गए। दोनों की बरामदगी अभी तक नहीं हो सकी है। एएसपी ने टीम गठित कर बरामदगी के लिए बिंदुओं पर दिशा निर्देश भी दिया। पुलिस ने मुखबिरों को सक्रिय किया है। परिजन बच्चों की वापसी का इंतजार कर रहे हैं।
क्षेत्र के सलेमपुर लाला गांव से बीते 9 सितंबर 2020 की शाम भगवान सिंह (9) पुत्र रामस्वरूप खेलने के लिए घर से निकला था। लेकिन वह देर शाम तक घर वापस नहीं लौटा। मामले में रामस्वरूप ने अज्ञात के खिलाफ अपहरण की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
वहीं ढोलना थाना क्षेत्र के राजपुर गांव निवासी गुलीचंद का पुत्र सुरजीत (6) वर्ष 2022 के फरवरी माह के अंत में अगवा कर लिया गया। मामले में पुलिस ने अगवा किए जाने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की। बालक भगवान सिंह के पिता रामस्वरूप का कहना है कि उनका परिवार बालक के अपहरण के बाद से परेशान। सभी को उसकी घर वापसी का इंतजार है।
एएसपी राजेश भारती ने दोनों बालकों की बरामदगी के लिए गठित की गई टीमों को सक्रियता से बरामदगी करने के लिए बरामदगी के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि मुखबिरों को सक्रिय करें।