बाइक की टक्कर लगने से शिक्षक की मौत
-बरनाहल क्षेत्र में दिहुली चौराहे के पास हुई दुर्घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
करहल। थाना बरनाहल क्षेत्र में दिहुली चौराहे के पास बुधवार की दोपहर पैदल जा रहे एक शिक्षक बाइक की टक्कर लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन ट्रॉमा सेंटर फिरोजाबाद ले जा रहे थे। तभी रास्ते में शिक्षक ने दम तोड़ दिया। शिक्षक गांव मोहब्बतपुर लभौआ के रहने वाले थे। हादसे के बाद मृतक के घर में चीख पुकार मची है।
बरनाहल क्षेत्र के गांव मोहब्बतपुर लभौआ निवासी योगेश कुमार (28) गांव दिहुली स्थित एक प्राइवेट इंटर कॉलेज में शिक्षक थे। बुधवार की दोपहर वह विद्यालय से पैदल ही किसी काम से जा रहे थे। दिहुली चौराहे के पास बरनाहल की ओर से आ रहे पल्सर सवार ने टक्कर मार दी। हादसे में शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर एकत्र हुए लोगों ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। वहां से परिजन उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर फिरोजाबाद ले गए थे। लेकिन रास्ते में शिक्षक की मौत हो गई। टक्कर मारने वाले बाइक सवार मौके से भाग गए। हादसे में शिक्षक की मौत के बाद परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। फिरोजाबाद में ही मृतक का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।