कासगंज। जूनियर बालक-बालिका टेबल टेनिस एवं सीनियर पुरुष कुश्ती खिलाड़ियों को राज्य स्तर पर खेलने का मौका मिलेगा। इसके लिए जनपद स्तरीय ट्रायल का आयोजन स्पोर्ट्स स्टेडियम फरीदनगर सोरोंजी पर 27 व 29 जुलाई को किया जाएगा। उप क्रीड़ा अधिकारी हरफूल सिंह ने बताया कि गोरखपुर के संस्कृत विश्वविद्यालय में 2 से 4 अगस्त को टेबल टेनिस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन होगा। प्रतियोगिता में जूनियर बालक-बालिका प्रतिभाग करेंगे। इसके लिए जनपद स्तरीय ट्रायल का आयोजन स्पोर्ट्स स्टेडियम सोरोंजी में 27 जुलाई को शाम तीन बजे से होगा। मंडल स्तरीय ट्रायल 28 जुलाई को 11 बजे धर्म समाज बाल मंदिर अलीगढ़ में होगा। सीनियर पुरुष कुश्ती के लिए जनपद स्तरीय ट्रायल स्पोर्ट्स स्टेडियम में 29 जुलाई को शाम तीन बजे होगा। ट्रायल में 50-60 किलोग्राम भार, 60-70 किलोग्राम भार एवं 74 किलोग्राम भार वर्ग में होगा। कुश्ती का मंडल स्तरीय ट्रायल 30 जुलाई को 11 बजे स्पोर्ट्स स्टेडियम अलीगढ़ में होगा। कुश्ती की राज्य स्तर पर प्रतियोगिता आठ से नौ अगस्त को गोरखपुर में होगी। उप क्रीड़ा अधिकारी ने बताया कि जनपद स्तरीय ट्रायल में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ी आधार कार्ड की छाया व मूल प्रति लेकर समय से ट्रायल में शामिल हों। विजेताओं को मंडल स्तर और वहां जीतने पर राज्य स्तर पर खेलने का मौका मिलेगा।