कासगंज। बेसिक शिक्षा विभाग नए शिक्षा सत्र में गैर मान्यता प्राप्त विद्यालयों की नकेल कसने की तैयारी में हैं। ऐसे विद्यालयों का पता लगाने के लिए जल्द ही सर्वे कराएगा। इस दौरान जो विद्यालय बिना मान्यता संचालित मिलेंगे उनके संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।नवीन शिक्षा सत्र के शुरू होने के साथ ही शहरी क्षेत्रों में नए-नए निजी स्कूल खुल रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में भी नवीन स्कूलों खुल रहे हैं। इनमें अनेक स्कूल ऐसे हैं जो गैर मान्यता प्राप्त हैं। इन विद्यालयों में प्रवेश के नाम पर मोटी रकम फीस के रूप में वसूली जाती है। कई बार ऐसे स्कूलों के संचालक किसी अन्य स्कूल से संबद्धता लेकर विद्यालय खोल देते हैं। टीसी व परीक्षाफल दूसरे स्कूल से दिला देते हैं। अभिभावकों को बाद में पता चलता है कि जिस विद्यालय में वे अपने पाल्य को पढ़ा रहे हैं वह गैर मान्यता प्राप्त है। अभिभावकों ठगी और बच्चों को बिना मान्यता के स्कूलों में प्रवेश दिलाने से बचाने के लिए बेसिक शिक्षा विभाग ने तैयारियां की हैं। अगले माह से सभी विद्यालयों का सर्वे विकास खंड वार कराया जाएगा। गैर मान्यता प्राप्त विद्यालयों को बंद कराया जाएगा।