मैनपुरी। जिले के राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में छुट्टियों के दौरान जून के पहले सप्ताह में पर्यावरण दिवस के अवसर पर समर कैंप आयोजित किए जाएंगे। इस संबंध में जिला विद्यालय निरीक्षक ने सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए हैं। एक सप्ताह के इस कैंप में विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी गतिविधियों के माध्यम से जागरूक किया जाएगा। जिला विद्यालय निरीक्षक अजय कुमार सिंह ने बताया कि विद्यालयों में गठित ईको क्लब के माध्यम से एनईपी के तहत पर्यावरण जागरूकता, जल संरक्षण, सफाई व स्वास्थ्य आदि कौशल विकास के लिए समर कैंप आयोजित किए जाएं। इसमें पांच जून को विद्यार्थियों को प्राकृतिक व पर्यटन स्थलों का भ्रमण, पौधरोपण कर जागरूक करना होगा। छह जून को विद्यालय के किचन गार्डन में विद्यार्थियों को शामिल करने, पुरानी बाल्टी, बोतल में पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।एडीआईओएस रघुराज सिंह पाल ने बताया कि सात जून को ई-कचरा इकट्ठा करने का अभियान और विद्यालय पर बूथ स्थापित कर विद्यार्थियों को इसके लिए जागरूक करें। आठ जून को स्वच्छता अभियान चलाएं। उन्होंने बताया कि इसी तरह नौ जून को ऊर्जा बचाने, दस जून को पानी बचाने, 11 जून को सिंगल यूज प्लास्टिक के प्रयोग न करने के लिए जागरूक करना है। उन्होंने सभी प्रधानाचार्यों को इसके अनुसार कार्यक्रम आयोजित करने को कहा है।
-