कासगंज। जिले में 1 मई से गन्ना सर्वेक्षण शुरु हो जाएगा। यह प्रक्रिया 30 जून तक चलेगी। सर्वे के लिए गन्ना विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है। गन्ना सर्वेक्षण जीपीएस का प्रयोग होगा। शरद कालीन और बसंत कालीन दोनों ही गन्ने का सर्व किया जाएगा। जिला गन्ना अधिकारी ओउम प्रकाश ने बताया कि सर्वे नीति में पारदर्शिता के लिए किसान को पूर्व सूचना देने पर जोर दिया गया है। किसानों को सर्वे टीम के खेत पर पहुंचने की तारीख और टीम इंचार्ज के नाम और मोबाइल नंबर की सूचना तीन दिन पूर्व एसएमएस के माध्यम से दी जाएगी। संयुक्त टीम बनाकर सर्वेक्षण कार्य कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि इसमें राजकीय गन्ना पर्यवेक्षक, चीनी मिल कार्मिक के साथ संबंधित सर्किल के किसान की उपस्थिति अनिवार्य होगी। किसानों को अपना घोषणा पत्र स्वयं आनलाइन भरना होगा। जिन किसानों का आनलाइन घोषणा पत्र उपलब्ध नहीं होगा, उनका सट्टा आगामी पेराई सत्र 2025-26 में बंद किया जा सकता है। सर्वे से पूर्व 29 अप्रैल को होने वाले प्रशिक्षण के दौरान विभाग के ज्येष्ठ गन्ना विकास अधिकारी, जिला सहकारी गन्ना विकास समिति सचिव, राजकीय गन्ना पर्यवेक्षक, चीनी मिल के अधिकारी व गन्ना पर्यवेक्षक मौजूद रहेंगे।