आगरा। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने वर्ष 2026 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा की अंग्रेजी माध्यम की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के संबंध में विस्तृत निर्देश जारी किए हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रशेखर ने बताया कि निर्देशों के अनुसार अंग्रेजी माध्यम की उत्तर पुस्तिकाओं के बंडल अलग चिन्हित कर सुरक्षित रखे जाएंगे। साथ ही विज्ञान, गणित और सामाजिक विज्ञान जैसे विषयों की अंग्रेजी माध्यम की कॉपियों का मूल्यांकन संबंधित विषय के उन्हीं शिक्षकों से कराया जाएगा, जो अंग्रेजी माध्यम में अध्यापन के लिए अर्ह हों। यदि पर्याप्त परीक्षक उपलब्ध न हों तो अन्य मूल्यांकन केंद्रों, निजी अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों या सीबीएसई और सीआईएससीई से संबद्ध विद्यालयों के योग्य शिक्षकों को भी परीक्षक के रूप में लगाया जा सकेगा। अंग्रेजी माध्यम की कॉपियों के मूल्यांकन की प्रगति की दैनिक सूचना कंट्रोल रूम के माध्यम से परिषद को भेजी जाएगी। अंकों के गलत योग, बिना जांचे प्रश्न या अन्य त्रुटि पाए जाने पर संबंधित परीक्षक और उपप्रधान परीक्षक जिम्मेदार होंगे। संवाद