भोगांव। थाना क्षेत्र में शनिवार की सुबह साइकिल से स्कूल जा रही एक छात्रा को रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। गंभीर हालत में छात्रा को जिला अस्पताल लाया गया, वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
थाना क्षेत्र के गांव नगला भगत निवासी राकेश कुमार की पुत्री पायल (15) कस्बा के प्रेम प्रयाग विद्यालय में कक्षा नौ की छात्रा थी, शनिवार की सुबह करीब 8:30 बजे वह साइकिल से स्कूल जा रही थी, वह जब बस स्टैंड के सामने पहुंची, तभी वहां से गुजर रही फर्रुखाबाद डिपो की बस ने टक्कर मार दी। हादसे में छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई, हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। आननफानन में छात्रा को जिला अस्पताल लाया गया, वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उधर, पुलिस ने रोडवेज बस को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा कराया है।
हादसे के समय साथ थी चचेरी बहन
मृतका पायल के परिजनों ने बताया कि सुबह पायल अपनी चचेरी बहन शालू के साथ साइकिल से स्कूल जा रहीं थीं। दोनों साथ साथ साथ ही थे, लेकिन हादसे के समय किस्मत कहें या कुछ और शालू पीछे रह गई। वहीं पायल हादसे का शिकार हो गई, अपनी आंखो के सामने बहन की मौत का मंजर देखने के बाद शालू भी बेहद सहमी हुई है, वहीं लोग अब मृतका के परिजनों को ढांढस बंधा रहे हैं।
चार भाई बहनों में सबसे छोटी थी पायल
हादसे में जान गवाने वाली पायल चार भाई बहनों में सबसे छोटी थी, दो बड़ी बहनों की शादी हो चुकी है, वहीं एक भाई रवि है। परिजनों के अनुसार पायल पढने में बेहद होशियार थी, वहीं घर में सबसे छोटी होने के चलते भाई और बहनें उस से बेहद प्यार करते थे। इस हादसे के बाद सभी बेहद दुखी हैं।