विद्यार्थी परिषद ने डीआईओएस कार्यालय का किया घेराव
-अवैध कोचिंग और स्कूल बंद कराने के लिए सौंपा ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पदाधिकारी शनिवार को जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पर पहुंचे। जिला विद्यालय निरीक्षक उस दौरान बैठक में थे। डीआईओएस कार्यालय का घेराव कर परिषद के सदस्यों ने अवैध कोचिंग और स्कूली बंद कराने के लिए नारेबाजी की। मीटिंग छोड़कर डीआईओएस को कार्यालय पहुंचे और उनका ज्ञापन लिया।
डीआईओएस को सौंप गए ज्ञापन में विद्यार्थी परिषद के पदाधिकारियों ने कहा कि जिले में बड़ी संख्या में अवैध रूप से विद्यालय समय के दौरान कोचिंग सेंटरों का संचालन किया जा रहा है। विद्यालय समय के दौरान किसी प्रकार से कोई भी वैध या अवैध कोचिंग सेंटर न संचालित किया जाए। अवैध कोचिंग बंद कराए जाएं। अवैध रूप से संचालित विद्यालयों को भी बंद किया जाए।
ज्ञापन में बताया गया कि कई सरकारी कॉलेज के शिक्षक भी ट्यूशन पढ़ाने का कार्य कर रहे हैं। वे बच्चों पर दबाव बना रहे हैं कि कोचिंग पढ़ें नहीं तो उनको प्रयोगात्मक परीक्षा में नंबर नहीं दिए जाएंगे। सरकारी शिक्षकों की कोचिंग बंद कराई जाए। ज्ञापन में चेतावनी दी गई कि तीन दिन में यदि अवैध कोचिंग बंद नहीं हुए तो वे लोग जिले भर में प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
परिषद के पदाधिकारियों ने कचहरी रोड पर संचालित एक कॉलेज के प्रधानाचार्य पर परिषद को लेकर अवैध टिप्पणी का आरोप लगाया। जिला विद्यालय निरीक्षक ने जांच कर कार्रवाई का भरोसा दिया है।