मैनपुरी। नवीन मंडी में पक्का निर्माण कर अतिक्रमण करने वाले 176 आढ़तियों के लाइसेंस के नवीनीकरण पर रोक लगा दी गई है। ये आढ़ती अतिक्रमण हटाए जाने तक मंडी में व्यापार भी नहीं कर सकेंगे। इसके लिए सख्त आदेश जारी किया गया है।
आगरा रोड पर बनी नवीन मंडी में दो सौ से अधिक छोटे बड़े अवैध निर्माण कर आढ़तियों ने अतिक्रमण कर लिया है। कहीं टिन शेड लगाकर बड़े-बड़े गोदाम बना लिए गए हैं तो कहीं पक्के निर्माण कर लिए हैं। बीते पांच सालों से ये अतिक्रमण चिह्नित करने के बाद भी कार्रवाई नहीं की जा सकी है। अमर उजाला ने 13 दिसंबर के अंक में इसकी खबर प्रमुखता से प्रकाशित की थी। खबर का संज्ञान लेकर मंडी समिति ने कार्रवाई शुरू कर दी है। मंडी सचिव नवीन कुमार कोहली ने अतिक्रमण करने वाले 176 आढ़तियों के लाइसेंस नवीनीकरण पर रोक लगा दी है। इस संबंध में नोटिस जारी कर उन्हें अवगत भी करा दिया गया। बिना लाइसेंस के वे मंडी में कोई व्यापार नहीं कर सकेंगे। उन्हें सख्त चेतावनी दी गई है कि जब तक वे अतिक्रमण नहीं हटाएंगे तब तक उनका लाइसेंस नवीनीकृत नहीं किया जाएगा। अगर जल्द ही अतिक्रमण नहीं हटाया तो उनका लाइसेंस भी निरस्त कर दिया जाएगा।
जिन आढ़तियों ने मंडी में अतिक्रमण कर रखा है, उनके लाइसेंस नवीनीकृत करने पर रोक लगा दी गई है। सभी को नोटिस भी जारी किया गया है। जल्द ही अतिक्रमण हटाया जाएगा। -नवीन कोहली, मंडी सचिव