बाह। टोडीपुरा गांव में मंगलवार रात सबमर्सिबल से पानी भरने के विवाद में जमकर मारपीट हुई। पथराव भी हुआ। इससे दंपती समेत तीन लोग घायल हुए हैं।
गांव के प्रेम सिंह और प्यारेलाल के परिवार में विवाद हुआ। सबमर्सिबल की पाइप की खींचतान के दौरान दोनों पक्ष भिड़ गए। पहले दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले। पथराव हुआ, इससे बस्ती में भगदड़ और चीख पुकार मच गई। सूचना पर पुलिस के पहुंचने पर मौके से हमलावर भाग खडे़ हुए। घायल हुए प्यारेलाल के बेटे योगेंद्र, उनकी पत्नी बीना, प्रेम सिंह के बेटे सचिन को पुलिस ने बाह सीएचसी पर इलाज के लिए भर्ती कराया। जहां से एसएन मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया। हमले के लिए दोनों पक्षों ने एक दूसरे को जिम्मेदार ठहराया है। पुलिस मामले में छानबीन कर रही है।