मैनपुरी। ब्लॉक जागीर क्षेत्र में बह रहे नगरिया रजवाह के अजीतगंज माइनर में खंदी होने से 200 बीघा खेत में खड़ी फसलें जलमग्न हो गई। खंदी होने की जानकारी होते ही किसान मौके पर पहुंच गए। रात भर किसान खंदी बंद करने का प्रयास करते रहे लेकिन खंदी बंद नहीं हो सकी। सुबह जानकारी होने पर पहुंची नहर विभाग की टीम ने खंदी को बंद कराया।
नगरिया रजवाह के अजीतगंज माइनर में पानी का बहाव क्षमता से अधिक होने के कारण बीरमपुर के समीप शनिवार रात में खंदी हो गई। खंदी होने से खेतों में खड़ी उर्द,मूंग व मक्का की फसलें जलमग्न हो गई तथा खाली भूमि में भी पानी का भराव हो गया। खंदी की सूचना मिलते ही किसानों ने मौके पर पहुंच कर खंदी बंद करने का प्रयास शुरू कर अधिकारियों को सूचना दी। रात भर किसान खंदी बंद करने में जुटे रहे। लेकिन किसानों को माइनर में पानी अधिक होने के कारण खंदी बंद करने में सफलता हासिल नहीं हो सकी। नहर विभाग के अधिकारियों को फोन करके सूचना दी गई। रविवार की सुबह नहर विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। किसानों की मदद से दोपहर तक माइनर के पानी को बंद करा दिया। खंदी लगाने से किसान मनोज कुमार, राजवीर, विद्याराम, मोहनलाल, श्रवण कुमार, राजीव कुमार, तस्लीम अली, रजनेश कुमार, राधारमण मिश्रा, विनोद शाक्य, गंगादास शर्मा, धन्नू श्रीवास्तव, बांके लाल कठेरिया, नरेंद्र मिश्रा, भानु प्रताप आदि सहित दर्जनों किसानों की फसलें जलमग्न हो गई हैं। क्षेत्रीय किसानों ने फसल नष्ट होने का खतरा बताते हुए जिलाधिकारी से सहायता राशि मांगी है।