आगरा। चर्च रोड स्थित सेंट पॉल्स चर्च स्कूल में कूड़ा जलाने पर नगर निगम ने 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। वायरल वीडियो के जरिये स्कूल के गेट नंबर-2 के पास धुआं उठने की जानकारी नगर निगम अधिकारियों को मिली, जिसके बाद टीम भेजकर कार्रवाई कराई गई।सोमवार को सोशल मीडिया पर डाले गए वीडियो में आरोप लगाया गया कि परिसर के भीतर कूड़ा जलाया जा रहा है, जिससे वायु प्रदूषण फैल रहा है। स्थानीय लोगों ने आपत्ति जताई और कहा कि कूड़ा जलाना नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल के आदेश का उल्लंघन है। इसी के बाद निगम की टीम मौके पर पहुंची और जांच के दौरान वायु प्रदूषण फैलाने की पुष्टि होने पर स्कूल प्रबंधन पर 25,000 का जुर्माना लगा दिया। सेनेटरी इंस्पेक्टर सुदेश यादव ने स्कूल प्रबंधन से जुर्माने की राशि वसूल की। नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने बताया कि शहर में खुले में कूड़ा जलाना पूरी तरह प्रतिबंधित है और ऐसा करने पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। वायु प्रदूषण फैलाने वाले किसी भी व्यक्ति, संस्था या प्रतिष्ठान को बख्शा नहीं जाएगा।